भीषण गर्मी में राहत की पहल: समाजसेवी संदीप महोबिया ने शुरू किया ‘प्याऊ घर

छुईखदान। नगर में लगातार बढ़ती गर्मी और तापमान के 40 डिग्री पार पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे हालात में लोगों को राहत देने के उद्देश्य से समाजसेवी संदीप महोबिया ने हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मुख्य मार्ग बाजार लाइन में ‘प्याऊ घर’ की शुरुआत की। इस प्याऊ घर में राहगीरों और बाजार आने जाने वाले लोगों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई है जिससे उन्हें तेज गर्मी में राहत मिल सके। उद्घाटन के मौके पर बाजार क्षेत्र के व्यापारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा अर्चना के साथ हुई जिसे अशोक पंचरत्न संचालक, पंचरत्न पेट्रोल पंप द्वारा विधिवत संपन्न कराया गया। इसके बाद प्याऊ घर का उद्घाटन भैरी बाई केवटिन के हाथों किया गया। इस अवसर पर नगर के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे जिनमें अशोक पंचरत्न, मनोज यादव, संदीप जैन, विशू महोबिया, मोटू जैन, गिरीश श्रीवास, दूज राम साहू, यशवंत जैन, गोपाल यादव, कृष्णा विश्वकर्मा, ईशान मेश्राम और गुप्ता बर्तन व्यवसायी शामिल रहे। कार्यक्रम में पत्रकार अंकित महोबिया और शैलेश तिवारी की भी उपस्थिति रही। दोनों ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौर में इस तरह की जनसेवा गतिविधियां लोगों के लिए काफी उपयोगी और प्रेरणादायक होती हैं। संदीप महोबिया ने बताया कि गर्मी के मौसम में स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। इसी सोच के साथ प्याऊ घर शुरू किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ ले सकें।स्थानीय नागरिकों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और दूसरों को भी जनहित में आगे आने के लिए प्रेरित करते हैं।

Exit mobile version