
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। केसीजी जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से सौजन्य मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई जिसमें युवा मोर्चा की भावी कार्ययोजना और संगठन विस्तार को लेकर विचार साझा किए गए। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष आयश सिंह के नेतृत्व में अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष अयूब सोलंकी राजनांदगांव जिला भाजयुमो महामंत्री नोमेश वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी इस मुलाकात में शामिल हुए। इस दौरान विक्रांत सिंह ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के लिए बधाई देते हुए संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन में युवा मोर्चा की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिबद्धता संगठन को नई दिशा देती है। पार्टी की नीतियों और योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में युवा कार्यकर्ताओं की सहभागिता आवश्यक है। विक्रांत सिंह ने युवाओं से सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन सामूहिकता और निरंतर सक्रियता के जरिए संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। इस दौरान युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने विक्रांत सिंह को भगवान राम का तैलचित्र भेंट कर सम्मानित किया तथा जिले में संगठन को सशक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही। मुलाकात के दौरान समाजसेवी तरुण सिंह, आलोक श्रीवास, मंजीत सिंह, हर्ष वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
