मंगलवार को खैरागढ़ जिला मुख्यालय में दिन भर चली रायशुमारी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. भाजपा में मंडल अध्यक्षो के चयन के बाद अब जिला भाजपा अध्यक्ष बनने भाजपा नेताओं में होड़ नजर आ रही है।खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का भाजपा अध्यक्ष बनने के लिये 14 भाजपा नेताओं ने अपनी दावेदारी संगठन के आलाकमान के समक्ष रखी है। जिला भाजपा अध्यक्ष के चयन को लेकर जिला भाजपा कार्यालय खैरागढ़ में मंगलवार को दिन भर रायशुमारी का दौर चला। अध्यक्ष चयन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी चंदूलाल साहू (पूर्व सांसद) व संगठन प्रभारी राकेश यादव ने प्रमुख पदाधिकारियों व अपेक्षितगणों से उनका विचार जाना। इससे पहले सांसद संतोष पांडे की मौजूदगी में वर्तमान जिला अध्यक्ष घम्मन साहू सहित कुल 13 भाजपा नेताओं ने अपनी सार्वजनिक दावेदारी सामने रखी वहीं एक पदाधिकारी ने बंद कमरे में अपनी दावेदारी पेश की है।
अध्यक्ष के लिये आयु सीमा के बंधन के कारण बाहर हो गये कई दावेदार
जिला अध्यक्ष के लिये आयु सीमा के बंधन के कारण पार्टी के कई दावेदार रेस से बाहर हो गये है। इनमें एक महत्वपूर्ण नाम सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह का है। पार्टी की ओर से जिला अध्यक्ष के लिए निर्धारित उम्र सीमा 45 वर्ष से 60 वर्ष किए जाने के चलते 45 से कम व 60 से अधिक उम्र के पदाधिकारियों को दौड़ से बाहर होना पड़ा है। भाजपा से जुड़े सूत्रों ने बताया कि दावेदारों के नाम सामने आने के बाद जिला कार्यालय के एक बंद कमरे में पहले एक-एक पदाधिकारियों को अंदर बुलाया गया और उनसे विचार-विमर्श किया गया।
इन 14 भाजपा नेताओं ने पेश की है अपनी दावेदारी
जिला भाजपा अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करने वालों में छुईखदान पूर्व जनपद अध्यक्ष खम्मन ताम्रकार, जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रेम नारायण चंद्राकर, पार्षद चंद्रशेखर यादव, खैरागढ़ जनपद के पूर्व अध्यक्ष टिलेश्वर साहू, पूर्व पार्षद प्रीति यादव, पूर्व जनपद सदस्य डॉ.बिसेसर साहू, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष जीवन दास रात्रे, जिला महामंत्री व पूर्व नगर पालिका खैरागढ़ के उपाध्यक्ष रामाधार रजक, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गिरीराज किशोर दास, जिला उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल(गंडई), जिला प्रवक्ता अनिल अग्रवाल(खैरागढ़), सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक पुष्पेंद्र देवांगन का नाम शामिल है वहीं जिला सह कोषाध्यक्ष प्रकाश ठाकुर ने बंद कमरे में अपनी दावेदारी रखी। जिला अध्यक्ष को लेकर भाजपा के अंदर खाने एक बड़ा धड़ा जिला पंचायत उपाध्यक्ष और खैरागढ़ के शैडो विधायक विक्रांत सिंह को भाजपा का जिला अध्यक्ष बनना चाहता हैं लेकिन विक्रांत सिंह ने जिला अध्यक्ष बनने कोई भी दावेदारी पेश नहीं की है।
जिला अध्यक्ष चयन के लिये नेताओं के नाम का पैनल जाएगा प्रदेश कार्यालय
जिला अध्यक्ष चयन के लिये नेताओं के नाम का पैनल प्रदेश कार्यालय भेजा जायेगा। रायशुमारी से पहले ही खैरागढ़ प्रभारी चंदूलाल साहू ने स्पष्ट कर दिया था कि 3 या अधिकतम 5 योग्य उम्मीदवारों के नाम का पैनल बनाकर रायपुर प्रदेश कार्यालय में सौंपा जाएगा। जानकारी है कि प्रदेश से नाम का पैनल और उम्मीदवारी के लिए योग्य जानकारी दिल्ली राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।
परंपरा का निर्वहन सभी की जवाबदारी- संतोष पांडे
सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडे ने कहा कि संगठन की परंपरा का निर्वहन हो यह सभी कार्यकर्ताओं की जवाबदारी है। पार्टी में सभी को उनकी क्षमता अनुसार काम मिलता रहा है और हमें उस कार्य को पूरी जवाबदारी के साथ पूर्ण करना होता है।