त्योहारों में सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड पर जिला पुलिस

खैरागढ़। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। खैरागढ़ थाना क्षेत्र में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के नेतृत्व में पैदल पेट्रोलिंग एवं विजिबल पुलिसिंग की गई। पुलिस टीम ने कस्बे के मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों, होटल, लॉज, ढाबों, आउटर इलाकों और अन्य संवेदनशील व संदिग्ध स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में स्थापित गणेश पंडालों का भी निरीक्षण किया और आयोजन समितियों से चर्चा कर आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। समितियों को पंडालों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, विद्युत सुरक्षा के इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पुलिस टीम ने होटल, लॉज और ढाबों की भी जांच की। संचालकों को आगंतुकों का उचित सत्यापन करने तथा परिसर में शराब पीने की सुविधा उपलब्ध नहीं कराने की सख्त हिदायत दी गई। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस के अनुसार आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के साथ अपराधों की रोकथाम और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से पेट्रोलिंग, निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है।

Exit mobile version