छत्तीसगढ़शिक्षा

पंचायती राज दिवस पर छात्रों को दिया गया स्वशासन का संदेश

सत्यमेव न्यूज बाज़ार अतरिया। नवीन शासकीय महाविद्यालय बाज़ार अतरिया में पंचायती राज दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया।कार्यक्रम प्राचार्या डॉ.जयति बिस्वास के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ जिसमें छात्र छात्राओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल अवधारणाओं से अवगत कराया गया।कार्यक्रम के संयोजक राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक सिद्धार्थ देशमुख ने अपने संबोधन में पंचायती राज व्यवस्था को भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए 73वें संविधान संशोधन के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्राम जनपद और जिला स्तर पर विकेंद्रीकृत शासन व्यवस्था की विशेषताओं को सरल भाषा में समझाया और छात्रों से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। इतिहास के प्राध्यापक डॉ. गजेन्द्र साहू ने पंचायती राज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत में ग्राम स्वशासन की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। उन्होंने पंचायतों को ग्रामीण विकास और सामाजिक समरसता की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। इस दौरान बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा दामिनी माणिकपुरी ने पंचायती राज विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने ग्रामीण विकास महिला सशक्तिकरण और स्थानीय भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया जिससे उपस्थित छात्र छात्राएं प्रेरित हुए। समापन अवसर पर प्राचार्या डॉ. जयति बिस्वास ने पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करते हैं और उन्हें समाज के प्रति उत्तरदायी बनाते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी डॉ. स्मृति कन्नौजे, अखिलेश राठौर, झामन वर्मा, सुकांत साहू, अंजलि क्षत्रि, अल्का पैंकरा, मधु यादव, सागर वर्मा, अश्विनी वर्मा एवं ऋषि यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं की सहभागिता रही है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page