
साल्हेवारा में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार और विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ जिला केसीजी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में साल्हेवारा पुलिस ने 13 सितंबर को नाकाबंदी कर एक पिकअप वाहन से क्रूरता पूर्वक परिवहन किए जा रहे चार भैंसों को बरामद किया। मवेशियों को बिना चारा-पानी के वाहन में ठूंसकर तिरपाल से ढककर नागपुर की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार थाना साल्हेवारा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग सफेद रंग के पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर अवैध रूप से नागपुर की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खादी स्थित आबकारी चेक पोस्ट के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान सफेद रंग के बोलेरो पिकअप क्रमांक CG-04-LW-0483 को रोककर जांच की गई। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम सुमित कुमार धुर्वे और अरबाज खान बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चार भैंसे ठूंसकर भरे हुए मिले। पुलिस द्वारा मवेशियों की खरीदी-बिक्री एवं परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में मवेशियों को बिना चारा-पानी के तिरपाल से ढककर क्रूरता पूर्वक परिवहन किए जाने की पुष्टि हुई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार भैंसे अनुमानित कीमत 80 हजार रुपए पिकअप वाहन करीब 7 लाख रुपए और एक मोबाइल फोन करीब 8 हजार रुपए सहित कुल 7 लाख 88 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामले में थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 41/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण संशोधन अधिनियम 2011 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी सुमित कुमार धुर्वे, पिता भगवान सिग, उम्र 20 वर्ष, निवासी नेवासपुर थाना रेंगाखार जिला कबीरधाम को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से आदेशानुसार उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को भी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


