KCGअपराध

खैरागढ़ के बस स्टैंड में खड़ी बसों से 300 लीटर डीजल की चोरी: सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल बाजार में जारी अस्थिरता और डीजल आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच खैरागढ़ के नए बस स्टैंड से डीजल चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने पांच यात्री बसों को निशाना बनाते हुए उनके डीजल टैंकों के ताले तोड़ दिए और करीब 300 लीटर डीजल चोरी कर लिया। चोरी गए डीजल की अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है।

जानकारी अनुसार घटना नए बस स्टैंड परिसर की है जहां रात के समय कई यात्री बसें खड़ी थी। रविवार सुबह जब बस संचालकों ने वाहनों की जांच की तो उन्हें डीजल टैंकों के ताले टूटे मिले और बड़ी मात्रा में डीजल गायब पाया गया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो संदिग्ध रूप से रात करीब 2 बजे परिसर में प्रवेश करती दिखाई दे रही है। फुटेज के अनुसार वाहन से कुछ युवक उतरे और बसों के टैंकों से गैलनों में डीजल भरते नजर आए। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पूरी वारदात करीब आधे घंटे के भीतर अंजाम दी और बाद में वाहन सहित छुईखदान की दिशा में फरार हो गए।

घटना के बाद बस संचालकों में भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि बस स्टैंड परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है और रात्रिकालीन पुलिस गश्त भी प्रभावी ढंग से नहीं हो रही है। संचालकों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी को और मजबूत करने तथा बस स्टैंड में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

इधर खैरागढ़ पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और चोरी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन का पता लगाने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page