KCG

प्रशासन का दावा- समय पर खाद-बीज मिलने से किसानों में उत्साह

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खरीफ सीजन के आगमन के साथ ही जिले में किसानों की खेती संबंधी तैयारियां तेज हो गई है। कृषि विभाग और सहकारी समितियों द्वारा खाद एवं प्रमाणित बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने से किसानों को राहत मिली है। समय पर कृषि आदान सामग्री मिलने से बुवाई की तैयारी सुचारू रूप से चल रही है और किसानों में बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगी है। बता दे कि जिले में खाद की संकट को लेकर किसानों द्वारा नाराजगी व्यक्त की जा रही थी जिसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ है और सेवा सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद बीज रखे जाने के निर्देश दिए हैं। सेवा सहकारी समिति मर्यादित अमलीडीह के माध्यम से किसानों को आवश्यक खाद और बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि इस व्यवस्था से उन्हें कृषि सामग्री के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ रहा है और स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं मिलने से समय व खर्च दोनों की बचत हो रही है। अमलीडीहकला के किसान हुकुमचंद वर्मा, रामसेवक वर्मा और ओंकार वर्मा ने बताया कि उन्हें समिति से पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज प्राप्त हुआ है। इसके चलते खेतों की तैयारी समय पर पूरी हो सकी है और इस वर्ष अच्छी पैदावार की उम्मीद है। किसानों ने कहा कि पहले कई बार खाद-बीज की उपलब्धता को लेकर परेशानी होती थी लेकिन अब व्यवस्था में सुधार दिखाई दे रहा है। किसानों ने शासन और जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि कृषि कार्यों के लिए जरूरी संसाधन समय पर मिलने से खेती को नई गति मिली है। उनका मानना है कि यदि इसी तरह कृषि सुविधाएं निरंतर उपलब्ध होती रही तो उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आय में भी सकारात्मक वृद्धि होगी। किसानों में आस जगी है कि जिले के अन्य सेवा सहकारी समितियों में भी किसानी कार्य से पहले किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद बीज मिल पाए तो उन्हें भी समय के साथ अनावश्यक खर्च से राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page