
622 आवेदन प्राप्त, विभिन्न योजनाओं के तहत 130 हितग्राहियों को मिला लाभ
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत विकासखंड छुईखदान के ग्राम पंचायत बागुर में आयोजित जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर में क्लस्टर अंतर्गत 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण पहुंचे और अपनी मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों को प्रशासन के समक्ष रखा। शिविर में ग्राम पंचायत लालपुर, चिलगुड़ा, पेंडरवानी, बरबसपुर, संबलपुर, भुरभुसी, बागुर, गोकना, कांशीटोला, पथर्रा, मुंडाटोला, खौड़ा, दुल्लापुर, ढाबा, लिमो, नादिया एवं देवपुरा गंडई के ग्रामीण शामिल हुए। दूरस्थ गांवों से पहुंचे लोगों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा विभागीय स्टॉलों में आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कुल 622 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें 609 मांगों एवं 13 शिकायतों से संबंधित आवेदन शामिल रहे। विभिन्न विभागों द्वारा 130 हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। अधिकारियों ने कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ की वहीं शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने समाधान शिविर को प्रशासन और आमजन के बीच मजबूत संवाद का माध्यम बताते हुए इसकी सराहना की। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन की जनहितैषी सोच का सशक्त उदाहरण है जिसके माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं बल्कि शासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंच रहा है। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए तथा ग्रामीणों से शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। शिविर परिसर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, खाद्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा लाभों की जानकारी ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक दी। प्राप्त आवेदनों में प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व प्रकरणों एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रमुख रूप से शामिल रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 6 हितग्राहियों को सुपोषण किट तथा 15 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरित किए गए। शिक्षा विभाग द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त 14 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार उद्यानिकी विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा 7 हितग्राहियों को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। शिविर में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष छुईखदान श्रीमती पुष्पा प्रकाश वर्मा, उपाध्यक्ष राजू जंघेल, नगर पंचायत गंडई उपाध्यक्ष श्याम पाल ताम्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा जिल पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम छुईखदान अविनाश ठाकुर, सीईओ जनपद पंचायत छुईखदान श्रीमती केशवरी देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
