
कालांतर से विकास की राह देख रहा 500 मीटर का सफर
सड़क निर्माण करने वाले तीन विभागों में जिम्मेदारी को लेकर असमंजस
जर्जर मार्ग से रोजाना गुजरने को मजबूर ग्रामीण
सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। नगर से टिकरीपारा जाने वाला महज 500 मीटर का मार्ग विभागीय उदासीनता के कारण बदहाल स्थिति में पहुंच गया है और स्थिति यह है कि लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और नगर पंचायत तीनों ही इस सड़क को अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बता रहे हैं। जिम्मेदारी तय नहीं होने के कारण मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ज्ञात हो कि नगर मुख्यालय से टिकरीपारा होते हुए पथर्रा और आगे साजा-बेमेतरा जाने वाला यह मार्ग दर्जनों गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन ग्रामीण, विद्यार्थी और वाहन चालक इसी रास्ते से आवागमन करते हैं लेकिन सड़क की जर्जर हालत ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण 500 मीटर का छोटा सफर तय करने में भी काफी समय लग जाता है। इस मार्ग में बारिश के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं जब सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से आवाजाही लगभग बाधित हो जाती है। इसी मार्ग से प्राचीन शिव (देऊर) मंदिर तक श्रद्धालुओं का आवागमन भी होता है जिससे धार्मिक दृष्टि से भी यह सड़क महत्वपूर्ण मानी जाती है। खराब सड़क के कारण कई बार स्कूली बच्चे और वाहन चालक हादसों का शिकार हो चुके हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो ने बताया कि तिरंगा चौक से ग्रामीण सीमा तक पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़क किनारे पाथवे का निर्माण कराया गया था। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई दोनों ही इस मार्ग को अपना नहीं मान रहे हैं। इस संबंध में दोनों विभागों से जवाब मांगा गया है और यदि सड़क उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आती तो इसे नगर पंचायत को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव भी दिया गया है साथ ही विधायक को समस्या से अवगत कराते हुए बजट में शामिल करने का आग्रह किया गया है वहीं पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर आर.के.बांधे का कहना है कि यह सड़क उनके विभाग के अंतर्गत नहीं आती बल्कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के दायरे में है। दूसरी ओर भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि सड़क की स्थिति से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और जल्द समाधान की उम्मीद है। फिलहाल विभागों के बीच जिम्मेदारी तय नहीं होने के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही इस महत्वपूर्ण मार्ग के सुधार के लिए ठोस कदम उठाएगा।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता पदम संभव मिश्रा से सीधी बात:-
प्रश्न:- क्या यह मार्ग आपके विभागीय अधिकार क्षेत्र में आता है?
उत्तर:- नहीं यह मार्ग प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के दायरे में नहीं है।
प्रश्न:- उक्त अति महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण की समस्या का समाधान कैसे हो सकता है?
उत्तर:- यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है और इसके निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अथवा ग्रामीण यांत्रीकी विभाग से भी निर्माण कार्य किया जा सकता है वहीं क्योंकि मार्ग की लंबाई महज 500 मीटर है विधायक अथवा सांसद निधि से भी इस मार्ग का निर्माण कार्य किया जा सकता है। फिलहाल मार्ग निर्माण के लिए प्राक्कलन बनाकर शासन को भेजा जा सकता है।
