पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया बताई
खैरागढ़। शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में बुधवार को मतदाता जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर आयोजित कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेजों और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर तथा जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया गया साथ ही युवाओं को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान करने तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यशाला में स्वीप अभियान के तहत मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर सहायक नोडल अधिकारी स्वीप कृष्ण कुमार वर्मा, ईएलसी जिला समन्वयक यशपाल जंघेल, सुशील रत्नाकर, शोभना चौरे सहित अन्य उपस्थित रहे। आयोजन में पॉलिटेक्निक के ईएलसी समन्वयक एवं व्याख्याता संतोष सत्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
