समय रहते प्रयास से बड़ी जनहानि टली
गंडई पंडरिया। नगर के समीपस्थ ग्राम पेंडरवानी एवं बिरनपुर में आगजनी की दो अलग-अलग घटनाएँ सामने आई हैं। दोनों ही मामलों में समय रहते प्रयास के कारण जनहानि की कोई सूचना नहीं है हालांकि कोठार में रखे पैरावट सहित अन्य सामग्री के जलने से नुकसान हुआ है। जानकारी अनुसार ग्राम पेंडरवानी निवासी बन्नू साहू के कोठार में पैरावट और गेहूं की फसल रखी हुई थी। दोपहर करीब 11:30 से 12 बजे के बीच अज्ञात कारणों से पैरावट में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल गंडई फायर ब्रिगेड को सूचना दी। नगर पंचायत गंडई का अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद शाम लगभग 4 बजे आग पर काबू पाया गया। बताया गया कि कोठार के पास रखी गेहूं की फसल सुरक्षित रही लेकिन कोठार में रखी लकड़ी की बल्लियां और बोर पाइप जल गए जिससे नुकसान हुआ है वहीं दूसरी घटना ग्राम बिरनपुर की है जहां जगदेव साहू के कोठार में शॉर्ट सर्किट के कारण पैरावट और फसल फूंसा में आग लग गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया। इस घटना में भी किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। दोनों घटनाओं में ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित प्रयास से बड़ी दुर्घटना टल गई।
