KCG

पुलिस ने रातभर चलाया कॉम्बिंग ऑपरेशन: खैरागढ़, बाजार अतरिया और पांडादाह में की गई सघन जांच

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से केसीजी पुलिस ने एसपी लक्ष्य विनोद शर्मा और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में रविवार तड़के खैरागढ़ बाजार अतरिया और पांडादाह क्षेत्र में एक साथ व्यापक रात्रिकालीन कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान आदतन अपराधियों निगरानीशुदा बदमाशों गुंडा तत्वों और देर रात तक बिना वजह सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वालों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई की गई। रात्रि 12 बजे से सुबह 4 बजे तक चले अभियान में पुलिस टीम ने खैरागढ़ शहर के बरेठपारा, जमातपारा, बख्शी मार्ग, इतवारी बाजार, धरमपुरा, अमलीपारा, दाऊचौरा, बस स्टैंड, शिव मंदिर रोड, गंजीपारा, रश्मि देवी कॉलोनी, खम्हरिया और कॉलेज के पास इंदिरा आवास सहित ग्राम बाजार अतरिया और पांडादाह के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्त की। इस दौरान बैंक एटीएम, सराफा बाजार, लॉज, ढाबों और अन्य संवेदनशील स्थानों की भी गहन जांच की गई। पुलिस ने निगरानीशुदा और गुंडा बदमाशों के घरों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली तथा उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की चेतावनी दी साथ ही फरार वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों के संभावित ठिकानों की भी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 4 निगरानीशुदा बदमाशों और 19 गुंडा बदमाशों के निवास स्थानों पर दबिश देकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई वहीं देर रात बिना उचित कारण सार्वजनिक स्थानों पर घूमते मिले लोगों को थाना लाकर पूछताछ के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया और भविष्य में अनावश्यक रूप से देर रात बाहर नहीं घूमने की सख्त हिदायत दी गई। केसीजी पुलिस ने कहा कि जिले में शांति सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page