
55 लीटर से अधिक शराब, नकदी और मोटरसाइकिल जब्त
अवैध शराब के तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना खैरागढ़ थाना छुईखदान और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तीन अलग अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब 55 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब नगदी राशि तथा एक मोटर साइकिल सहित कुल लगभग 63 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में जुआ सट्टा और अवैध शराब जैसे सामाजिक अपराधों पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 8 मई को थाना खैरागढ़ और साइबर सेल की टीम ने ग्राम बैहाटोला में दबिश देकर दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की।
पहले मामले में मुखबिर की सूचना पर आरोपी प्रकाश राजपूत (40 वर्ष) निवासी बैहाटोला के किराना दुकान में छापा मारा गया। यहां से 137 पौवा शोले प्लेन देशी शराब कुल 24 हजार 160 एमएल शराब बरामद की गई जिसकी कीमत लगभग 10 हजार 960 रुपये बताई गई। साथ ही बिक्री की नगदी 1270 रुपये भी जब्त की गई।कुल जब्ती 12 हजार 230 रुपये आंकी गई। आरोपी के खिलाफ थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 191/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया। दूसरी कार्रवाई में ग्राम बैहाटोला निवासी चन्द्रकुमार वर्मा (31 वर्ष) के घर दबिश दी गई।आरोपी के कब्जे से 127 पौवा शोले प्लेन देशी शराब कुल 22 हजार 860 एमएल तथा 24 पौवा गोवा स्पेशल व्हिस्की कुल 4 हजार 320 एमएल बरामद की गई। शराब की कुल कीमत लगभग 13 हजार 40 रुपये बताई गई। इसके अलावा 720 रुपये नगद भी जब्त किए गए।
इस मामले में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 192/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। तीसरे प्रकरण में थाना छुईखदान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आमगांव रोड स्थित पवन चंद्राकर के फार्म हाउस के सामने रेड कार्रवाई की। यहां आरोपी बाबूलाल जंघेल (70 वर्ष) निवासी विचारपुर और हुकुम जंघेल (40 वर्ष) निवासी कोटरा को अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 20 पौवा शोले देशी प्लेन शराब तथा 3 बोतल 1848 सुपीरियर माल्ट व्हिस्की जब्त की गई। साथ ही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सी जी 08 एन ये 1108 भी जब्त की गई। कुल जब्ती लगभग 39 हजार रुपये की बताई गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 171/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब बिक्री जुआ और सट्टा जैसे सामाजिक अपराधों के खिलाफ जिले में लगातार अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना खैरागढ़ थाना छुईखदान और साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा।