

कार्य को समय-सीमा में पूरा करने दिये निर्देश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने गुरुवार को विकासखंड छुईखदान के ग्राम पंचायत चकनार का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने हितग्राहियों से चर्चा कर निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली और जिन आवासों का निर्माण अधूरा है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों व पंचायत प्रतिनिधियों को दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। दौरे के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत चकनार में संचालित गौधाम का भी निरीक्षण किया। यहां रखे गए पशुओं की देखभाल, चारा-पानी की व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन करते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। सीईओ श्री पटेल ने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
