पीएम आवास पूर्णता के लिए जनपद सीईओ का क्षेत्र के ग्रामों में सघन दौरा

गंडईपंडरिया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत छुईखदान की मुख्य कार्यपालन अधिकारी केश्वरी देवांगन द्वारा लगातार विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आवासों की प्रगति का निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर प्रत्येक को तीन-तीन ग्राम पंचायतों का प्रभार सौंपा गया है। नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इस कार्य में सचिव, सरपंच, पंच, रोजगार सहायक एवं आवास मित्र की संयुक्त टीम सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रही है। सीईओ श्रीमती देवांगन ने ग्राम जंगलपुर घाट, सिंगारपुर एवं ठाकुर टोला का दौरा कर हितग्राहियों से सीधे संवाद किया। जिन आवासों का छत निर्माण पूर्ण हो चुका है उन्हें आगामी तीन दिनों के भीतर फिनिशिंग कार्य सहित आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए गए साथ ही हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।*निर्माणाधीन आदिवासी छात्रावास में अनियमितता की शिकायत*दौरे के दौरान ठाकुर टोला के ग्रामीणों ने निर्माणाधीन आदिवासी छात्रावास में अनियमितताओं की शिकायत की। इस पर सीईओ ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है तथा भवन का निर्माण सड़क स्तर से लगभग तीन मीटर नीचे किया जा रहा है जिससे वर्षा ऋतु में जलभराव की आशंका बनी रहेगी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि निर्धारित स्थल के अनुरूप निर्माण नहीं किया जा रहा है और मनमाने तरीके से कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा राहगीरों के लिए स्थापित मोटर पंप को छात्रावास की दीवार से सटा दिया गया है जिससे पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है।

निर्माण स्थल पर कार्य से संबंधित सूचकांक (डिस्प्ले) बोर्ड भी नहीं लगाया गया है जिसके कारण निर्माण की लागत, अवधि एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जांच की मांग की है। निरीक्षण के दौरान ग्राम सरपंच नरेश धुर्वे, उप सरपंच किशन दास जंघेल, राधा मोहन दास वैष्णव, हुकुम निषाद, जितेंद्र जंघेल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।“पीएम आवास योजना के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों द्वारा निर्माणाधीन छात्रावास की शिकायत की गई जिस पर स्थल निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण में जो भी कमियां पाई गई हैं उन्हें उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”केश्वरी देवांगन, जनपद सीईओ, छुईखदान

Exit mobile version