पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया हिंदी माह 2026

खैरागढ़। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़ में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार, प्रोत्साहन तथा दैनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक ‘हिंदी माह 2026’ का आयोजन किया गया। माहभर चले इस आयोजन में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं, संगोष्ठियों एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

हिंदी माह का शुभारंभ 1 सितंबर को विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में प्राचार्य अंजय कुमार की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान माहभर आयोजित होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को राजभाषा संबंधी प्रावधानों से अवगत कराया गया। 3 सितंबर को प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए श्रुतलेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कनिष्ठ वर्ग में निवेदिता बंजारे, आलोक राव एवं यदिति वर्मा तथा वरिष्ठ वर्ग में आशुतोष पांडेय, लक्ष्य देवांगन एवं धारवी ठाकुर ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।7 सितंबर को कक्षा 6 के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसमें मोक्ष वैष्णव ने प्रथम, डेनिशा जंघेल ने द्वितीय तथा आरोही ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष प्रातःकालीन सभा का आयोजन किया गया। प्राचार्य अंजय कुमार की अध्यक्षता एवं मुख्याध्यापक श्रीमती ज्योति रंगारी सहित शिक्षकों की उपस्थिति में दैनिक कामकाज में हिंदी के प्रयोग, आने वाली कठिनाइयों एवं उनके समाधान पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को राजभाषा हिंदी के महत्व से भी अवगत कराया गया। 15 सितंबर को शिक्षक वर्ग के लिए कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसमें अंबरीश शुक्ल ने प्रथम, विनोद कुमार परते ने द्वितीय एवं श्रीमती सिमरन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 18 सितंबर को हिंदी शिक्षक डॉ. योगेंद्र कुमार पांडेय द्वारा राजभाषा अधिनियम एवं संवैधानिक प्रावधानों पर कार्यशाला आयोजित की गई।

23 सितंबर को कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें धैर्या चंदेल ने प्रथम, हिमांशी मोहबेकर ने द्वितीय एवं प्राची साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लघुकथा लेखन प्रतियोगिता में लवली विश्वकर्मा, आशिया खान एवं प्राची वर्मा ने शीर्ष तीन स्थान प्राप्त किए। 24 सितंबर को पुस्तकालयाध्यक्ष विवेकानंद सरकार के संयोजन में ‘राजभाषा प्रदर्शनी’ लगाई गई। प्रदर्शनी में राजभाषा हिंदी के विकास एवं महत्व को दर्शाने के साथ हिंदी साहित्य की प्रसिद्ध पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया। 28 सितंबर को कंप्यूटर शिक्षिका श्रीमती दिव्या शर्मा द्वारा शिक्षकों के लिए ‘अनुवाद के लिए उपलब्ध एआई टूल्स का उपयोग’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई वहीं 29 सितंबर को ऑनलाइन राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में श्रीमती मोलिना घोष ने प्रथम, श्रीमती टिवंकल ने द्वितीय एवं तुषार नागदिवे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 30 सितंबर को प्रातःकालीन सभा में हिंदी माह का औपचारिक समापन किया गया। प्राचार्य अंजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समापन समारोह में विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को दैनिक जीवन एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के निरंतर प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 12वीं विज्ञान की छात्रा वीणा धुर्वे ने हिंदी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रमों को सफल बनाने में राजभाषा विभाग के डॉ. योगेंद्र पांडेय, घनश्याम गिरिया, सुश्री गीतांजलि एवं सुदीप आर्य, माध्यमिक सीएलए विभाग के सौरभ कुमार एवं रोशन कुमार, प्राथमिक सीएलए विभाग की श्रीमती पी पद्मावती राव एवं श्रीमती सिमरन, पुस्तकालयाध्यक्ष विवेकानंद सरकार तथा कला शिक्षक प्रशांत घोंगड़े सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।

↑
Exit mobile version