

महाशिवरात्रि पर्व में स्वास्थ्य सेवा का मिला बड़ा उपहार
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. महाशिवरात्रि पर्व के दौरान रुख्खड़ स्वामी मंदिर परिसर में आयोजित निःशुल्क कैंसर जांच शिविर के दौरान पहली बार मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट खैरागढ़ पहुंची जहां 33 संभावित मरीजों की जांच की गई। बाल्को मेडिकल सेंटर के सहयोग से पहुंची अत्याधुनिक मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट से ग्रामीण अंचलों के लोगों को बड़ी राहत मिली और विशेषज्ञ जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकी।
एक ही वाहन में तीन प्रमुख कैंसर जांच की मिली सुविधा
विशेषज्ञों के अनुसार यह यूनिट अत्यंत दुर्लभ है जिसमें स्तन कैंसर, सर्वाइकल (बच्चेदानी) कैंसर और मुख कैंसर तीनों की स्क्रीनिंग एक ही वाहन में की जाती है। सामान्यतः ऐसी जांच के लिए मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है लेकिन इस पहल ने ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को उनके द्वार तक पहुंचा दिया। शिविर में ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचे लगभग 33 संभावित मरीजों की विशेष जांच की गई। इनमें ऐसे लोग शामिल थे जिनमें गठान, लगातार दर्द या अन्य संदिग्ध लक्षण पाए गए थे। कुल मिलाकर करीब 115 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया है।उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 29 मरीजों की विस्तृत स्क्रीनिंग की गई, जिनमें 7 की मेमोग्राफी और 4 के पैप स्मीयर परीक्षण किए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि जांच की अंतिम रिपोर्ट 6 से 10 दिनों के भीतर प्राप्त होगी जिसके बाद आवश्यक उपचार की दिशा तय की जाएगी।

पहली बार शहर पहुंची जीवन रक्षक सुविधा
आयोजकों के अनुसार इतनी उन्नत कैंसर जांच सुविधा का खैरागढ़ में यह पहला अवसर है। ग्रामीणों ने इसे “जीवन बचाने वाली पहल” बताते हुए कहा कि अब गंभीर बीमारी की जांच के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। शिविर का संचालन कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र प्रसाद पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। उनके साथ विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम मौजूद रही। टीम ने मरीजों की जांच के साथ परामर्श और आवश्यक दवाइयों का भी वितरण किया।

संभावित मरीजों की पहचान कर की गई प्रारंभिक जांच
चिकित्सकों ने बताया कि शिविर में विशेष रूप से उन लोगों को प्राथमिकता दी गई जिनमें कैंसर के शुरुआती लक्षण दिखाई दे रहे थे। समय पर जांच से बीमारी की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव होता है जिससे उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है।महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह शिविर आस्था और सेवा के अद्भुत समन्वय का उदाहरण बना। मंदिर परिसर में एक ओर जहां हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना में जुटे रहे वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य जांच के माध्यम से जनसेवा का कार्य भी निरंतर चलता रहा। मंदिर समिति ने चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।