पद्मावतीपुर-डोकराभाठा सड़क निर्माण में की जा रही घोर लापरवाही

छुईखदान। ब्लॉक के अंतर्गत पद्मावतीपुर से डोकराभाठा तक हाल ही में निर्मित पक्की सड़क में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सड़क की खराब गुणवत्ता के कारण एक खाद से भरा ट्रैक्टर सड़क के किनारे धंस गया जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ी दुर्घटना टल गई। ग्रामीणों के अनुसार लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए गए सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता अत्यंत खराब है। कई स्थानों पर सड़क में दरारें पड़ गई हैं, जबकि कुछ हिस्सों में सड़क दो भागों में बंटती हुई दिखाई दे रही है। पद्मावतीपुर स्थित गौठान के पास सड़क के दोनों ओर नाली का निर्माण तो किया गया है लेकिन नियमानुसार कंक्रीट ढलाई नहीं की गई। इसके स्थान पर केवल पत्थर बिछाकर उसके ऊपर मुरूम डाल दिया गया जिससे सड़क की मजबूती कमजोर पड़ गई है। बताया जाता है कि हाल ही में खपरी गांव का एक किसान खाद गोदाम से खाद लेकर अपने गांव लौट रहा था इसी दौरान अतिरिक्त खाद लेने के लिए वह पद्मावतीपुर की ओर मुड़ा तभी सड़क के कमजोर हिस्से में ट्रैक्टर का पहिया धंस गया और वाहन एक ओर झुक गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद किराए की जेसीबी मशीन बुलाकर ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। इस दौरान ट्रैक्टर को नुकसान भी हुआ जिससे किसान को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन ट्रैक्टर, जेसीबी, हाईवा सहित अन्य मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण यहां कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने, दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Exit mobile version