
चार ग्राम पंचायतों में रिक्त पंच पदों के लिए होंगे उपचुनाव
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला निर्वाचन कार्यालय, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के कक्ष क्रमांक 13 में पंचायत उपचुनाव-2026 के तहत फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के निर्माण एवं पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नियुक्त प्रेक्षक प्रेम प्रकाश शर्मा ने त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की।साथ ही जिले के चार ग्राम पंचायतों में रिक्त पंच पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। प्रेक्षक ने निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन दावा आपत्ति की प्रक्रिया तथा समय सीमा का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में रजिस्ट्रीकरण एवं अनुविभागीय अधिकारी टंकेश्वर प्रसाद साहू, रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं प्रभारी तहसीलदार पूजा पीचा डिप्टी कलेक्टर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खैरागढ़ सतीश देशलहरा सहित मास्टर ट्रेनर्स मनसुख लाल वर्मा और पुनरीक्षण कार्य से जुड़े प्राधिकृत कर्मचारी उपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत खैरागढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमलीडीहकला वार्ड 17 दिलीपपुर वार्ड 10 टेकापार वार्ड 03 तथा जनपद पंचायत छुईखदान के ग्राम पंचायत पैलीमेटा वार्ड 11 में पंच पद रिक्त हैं जिनके लिए उपचुनाव कराया जाएगा। इन पंचायतों की निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 13 अप्रैल 2026 को किया जाएगा जबकि 20 अप्रैल 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।


