
कन्या विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरागढ़ में नवीन शिक्षण सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर कक्षा 1 से 12वीं तक के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञान की अधिष्ठात्री मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुई। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ.कमलेश्वर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षण सत्र 2026-27 को विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य शासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रतिदिन प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान राष्ट्रगीत गुरु वंदना दीप मंत्र एवं सरस्वती वंदना का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को सुविचार प्रस्तुत करने का अवसर भी दिया जाएगा। प्राचार्य ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले बैगलेस डे के तहत अतिथि वक्ताओं के प्रेरक व्याख्यान खेलकूद सांस्कृतिक कार्यक्रम साहित्यिक एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं तथा कौशल विकास संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से विद्यालय में स्वच्छ स्वस्थ एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने के लिए पौधारोपण एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने की बात कही। नियमित अध्ययन-अध्यापन समयसारिणी का पालन तथा विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं व्याख्याता उपस्थित रहे। नवप्रवेशी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना की है।