इंडक्शन प्रोग्राम में दी पाठ्यक्रम व मूल्यांकन की जानकारी
खैरागढ़। रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ.ओपी गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति की प्रमुख विशेषताओं, पाठ्यक्रम संरचना, परीक्षा एवं मूल्यांकन पद्धति तथा उच्च शिक्षा में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए बहुविषयक अध्ययन, कौशल विकास, व्यावहारिक ज्ञान और समग्र व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला गया। शिक्षकों ने पाठ्यक्रम चयन, शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता तथा उच्च शिक्षा के दौरान उपलब्ध विभिन्न संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान विद्यार्थियों को एनईपी के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों एवं विषयों की जानकारी दी गई। इनमें डीएससी, डीएसई, जीई, व्हीएसी और एसईसी जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं साथ ही प्रथम एवं द्वितीय आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा, असाइनमेंट, परीक्षा प्रणाली और पाठ्यक्रम की आवश्यकताओं के बारे में विस्तार से समझाया गया। विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विषयों का चयन करने और अध्ययन के साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक एन.के. देवांगन, सतीश कुमार माहला सहित मोनिका जत्ती, भबीता मंडावी, सृष्टि वर्मा, मनीषा नायक, डॉ.परमेश्वरी कुम्भज टांडिया, विकास चन्द्रवंशी, खेमपाल और शबाना खान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की।महाविद्यालय में आयोजित यह इंडक्शन प्रोग्राम विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप उच्च शिक्षा की व्यवस्था समझाने तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक योजना बनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।
