ध्यान-साधना की ओर बढ़ते कदम: कवर्धा के पास बनेगा ओशो आश्रम

सत्यमेव न्यूज कवर्धा। मानसिक शांति और आत्मिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शहर के दक्ष पैलेस में तीन दिवसीय ओशो आवासीय ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिल्ली उत्तर प्रदेश कैनेडा सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए साधकों ने ध्यान साधना का अनुभव लिया। शिविर का मार्गदर्शन स्वामी बोधीमन्यू ने किया। उन्होंने ओशो की ध्यान विधियों के माध्यम से साधकों को आंतरिक ऊर्जा जागरूकता और जीवन में संतुलन का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि ध्यान को दैनिक जीवन में अपनाकर व्यक्ति तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जी सकता है आयोजन से जुड़ी जानकारी देते हुए स्वामी प्रेम कृष्ण ने बताया कि कवर्धा के समीप बरभंवर क्षेत्र में स्थायी ओशो आश्रम की स्थापना की योजना पर कार्य चल रहा है। इसके लिए लगभग 12 एकड़ भूमि का चयन किया गया है। प्रस्तावित आश्रम भविष्य में देश विदेश से आने वाले साधकों के लिए ध्यान साधना और आत्मिक विकास का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि आश्रम निर्माण की प्रक्रिया अगले छह माह से एक वर्ष के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य है। इसी उद्देश्य से इस आवासीय ध्यान शिविर का आयोजन किया गया ताकि अधिक से अधिक लोगों को ध्यान और ओशो दर्शन से जोड़ा जा सके। शिविर के समापन पर साधकों ने ध्यान के अनुभव साझा किए और इसे जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला बताया। स्थानीय स्तर पर इस आयोजन को मानसिक स्वास्थ्य और आंतरिक संतुलन की दिशा में एक सराहनीय प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

Exit mobile version