खैरागढ़। ग्राम पंचायत दैहान स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मंगलवार को आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ अभियान के तहत मुनगा पौधे का रोपण कर ग्रामीणों को घर-घर मुनगा लगाने के लिए प्रेरित किया गया। पोषण कलश एवं पौष्टिक थाली के माध्यम से स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व की जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी में दर्ज बालक दुर्वेश जंघेल के जन्मदिन पर जंघेल परिवार की ओर से नेवता भोज कराया गया। वहीं खिलौना बैंक के लिए खेल सामग्री भी प्रदान की गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि किरण वैष्णव, वक्ता मान बाई, जनपद सदस्य मंजू जयप्रकाश जंघेल, उपसरपंच-पंच, रिंकी वर्मा, शिक्षिका, बिहान समूह की महिलाएं, पर्यवेक्षक सरोजनी मिंज सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
