पदभार ग्रहण के बाद स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक
समयबद्ध सेवाओं और मरीजों के बेहतर उपचार पर जोर
खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में स्वास्थ्य विभाग को नई प्रशासनिक व्यवस्था मिली है। नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार शुक्ला ने जिला मुख्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। वहीं वरिष्ठ सिविल सर्जन डॉ.आशीष शर्मा ने जिला अस्पताल केसीजी के प्रथम अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाला। डॉ.शुक्ला के जिला मुख्यालय पहुंचने पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.विवेक बिसेन, लेखापाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की। पदभार ग्रहण करने के बाद सीएमएचओ ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर नोडल अधिकारियों, खंड चिकित्सा अधिकारियों, डीपीएम, बीपीएम और सुपरवाइजरों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑनलाइन एंट्री को प्राथमिकता देने तथा सुपरवाइजरों को सतत मॉनिटरिंग करने कहा।उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को जिला मुख्यालय में रहकर कार्य करने और प्रत्येक कार्य दिवस पर समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए। अस्पतालों में मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर लाभ दिलाने, गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकों को समय पर ओपीडी में उपस्थित रहने पर विशेष जोर दिया।सीएमएचओ ने टीकाकरण सत्र में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति, मातृ मृत्यु दर में कमी लाने और रात्रिकालीन प्रसव सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर परिस्थितियों को छोड़कर मरीजों का स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में डॉ.आशीष शर्मा, डॉ.विवेक बिसेन, डॉ.मनीष बघेल, डॉ.पंकज वैष्णव, डॉ.प्रीति वैष्णव, डीपीएम सोनल ध्रुव, कमलेश त्रिपाठी, संजय श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
