नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर शुरू हुई प्रक्रिया, डीबीटी के जरिए सीधे खातों में पहुंचेगी राशि
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। दिव्यांग विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना की आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। समाज कल्याण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने इस योजना को भारत सरकार के नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) से जोड़ दिया है। पात्र दिव्यांग विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल एवं पारदर्शी होगी। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल ने बताया कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
दो स्तरों पर होगा आवेदनों का सत्यापन
ऑनलाइन आवेदन जमा होने के बाद संबंधित विद्यालय अथवा शिक्षण संस्था द्वारा आवेदनों की जांच और सत्यापन किया जाएगा। संस्थागत स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा आवेदनों का परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा जिसके लिए 30 अक्टूबर 2026 अंतिम तिथि तय की गई है। दोनों स्तरों पर सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को स्वीकृत छात्रवृत्ति की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से प्राप्त होगी। जिला प्रशासन ने पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें ताकि छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।