KCG

थाना दिवस पर लोगों की उमड़ी भीड़, एसपी ने स्वयं सुनी समस्याएं और दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में जून माह का प्रथम थाना दिवस गुरुवार को जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, ग्राम प्रमुखों, कोटवारों, बैंक अधिकारियों, शिक्षकों, पत्रकारों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर स्थानीय समस्याओं और सुझावों को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा। थाना ठेलकाडीह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा स्वयं उपस्थित हुए और आमजन की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर साइबर अपराध, नए आपराधिक कानून, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी भी साझा की गई। अवैध शराब, नशाखोरी और सड़क सुरक्षा रहे प्रमुख मुद्दे बैठक में ग्रामीणों एवं नागरिकों ने अवैध शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, मादक पदार्थों के सेवन, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, विद्यालयों के आसपास धूम्रपान तथा साइबर ठगी जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया इसके साथ ही आवारा मवेशियों के कारण बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा भी सामने आया। पुलिस अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया जागरूक पुलिस प्रशासन ने नागरिकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने तथा संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी चक्षु पोर्टल पर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रेरित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सुनी समस्याएं
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर थाना दिवस कार्यक्रमों का संचालन किया। एएसपी नितेश कुमार गौतम ने गंडई एवं मोहगांव, उप पुलिस अधीक्षक प्रदीप येरेवार ने छुईखदान, एसडीओपी आशारानी ने खैरागढ़, उप पुलिस अधीक्षक रमेश चंद्रा ने जालबांधा, उप पुलिस अधीक्षक ममता अली शर्मा ने गातापार तथा साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र वैष्णव ने साल्हेवारा और बकरकट्टा क्षेत्रों में लोगों की समस्याएं सुनी। पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने की पहल
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशाखोरी, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। थाना दिवस का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाना, शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा सुरक्षा और जागरूकता संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। पुलिस विभाग के अनुसार थाना दिवस का आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय गुरुवार को जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में नियमित रूप से किया जाएगा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page