KCG

जिले में एआई-सक्षम मोबाइल एक्स-रे से टीबी जांच अभियान शुरू

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को तेज करने के लिए एआई-सक्षम हैंडहेल्ड मोबाइल एक्स-रे मशीन के माध्यम से विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश तथा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत गांवों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में शिविर लगाकर टीबी की जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान का फोकस उच्च जोखिम वाले लोगों की पहचान पर है। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, मधुमेह के मरीज, कुपोषित लोग, धूम्रपान और शराब का सेवन करने वाले, टीबी मरीजों के संपर्क में रहने वाले तथा झुग्गी-झोपड़ी और जेलों में रहने वाले लोगों की प्राथमिकता से स्क्रीनिंग की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आशीष शर्मा ने बताया कि जिला क्षय अधिकारी डॉ.ऋतुराज सिंह के नेतृत्व में जिला उप-जेल सलोनी में 11 और 12 मार्च को विशेष स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान एआई-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन से 126 लोगों की जांच की गई। संदिग्ध पाए गए व्यक्तियों की पुष्टि के लिए आगे की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह आधुनिक मशीन कुछ ही सेकंड में 90 प्रतिशत से अधिक सटीकता के साथ टीबी के संभावित मामलों की पहचान करने में सक्षम है जिससे समय रहते मरीजों का इलाज शुरू किया जा सकेगा। शिविर में आरएमए श्रीमती भारती वर्मा, एसटीएस संदीप क्षीरसागर, एसटीएलएस तोरण साहू, रेडियोग्राफर मेघराज साहू सहित पैरामेडिकल स्टाफ ने सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य गांवों और शहरी वार्डों में भी इसी प्रकार के टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page