डोकराभाटा सोसायटी में केसीसी लोन में भारी गड़बड़ी का आरोप

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़/छुईखदान। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के डोकराभाटा स्थित सहकारी समिति में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) लोन से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद किसानों में आक्रोश बढ़ गया है। आरोप है कि कुछ किसानों के नाम पर उनकी जानकारी के बिना लोन स्वीकृत कर राशि निकाली गई जबकि कई मामलों में लोन की रकम, ब्याज और खाते के विवरण में गड़बड़ी सामने आई है। बताया जा रहा है कि अब तक एक दर्जन से अधिक किसान इस कथित अनियमितता को लेकर सामने आ चुके हैं जबकि कई अन्य प्रभावित किसान भी सामने आने की तैयारी में हैं। किसानों का कहना है कि उन्हें लोन से संबंधित पूरी जानकारी नहीं दी गई और कुछ मामलों में बिना स्पष्ट जानकारी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए इससे आर्थिक नुकसान और संदेह की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मामले को लेकर सोमवार को प्रभावित किसान जिला मुख्यालय खैरागढ़ पहुंचे और जिलाधीश कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। किसानों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि सहकारी समिति के कुछ कर्मचारियों द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए मनमानी की गई है। उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर राशि निकाले जाने की आशंका भी जताई। इससे पहले भी किसानों ने कलेक्टर एवं एसडीएम कार्यालय में शिकायत प्रस्तुत की थी जिसके बाद प्रशासन ने जांच टीम गठित कर दस्तावेजों और खातों की पड़ताल शुरू कर दी है। जांच के दौरान बड़ी संख्या में किसान सोसायटी पहुंचे और जिम्मेदारों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और किसान संगठनों ने मामले को गंभीर बताते हुए पूरे जिले की सहकारी समितियों की व्यापक एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला और व्यापक रूप ले सकता है। किसानों ने चेतावनी दी है कि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे साथ ही प्रशासन से प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच तेज करने का भरोसा दिया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और किसानों को मिलने वाली राहत पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Exit mobile version