
ब्लाइंड मर्डर से इलाके में दहशत
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोपालपुर में देर रात 85 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अपने ही घर के भीतर हुई इस वारदात ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है। पुलिस ने मामले को ब्लाइंड मर्डर मानते हुए जांच तेज कर दी है वहीं मृतक की पहचान लेडगु राम वर्मा (85) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावर ने उनका गला घोंटकर हत्या की है। शव पर सिर में चोट के भी निशान पाए गए हैं जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने से पहले या बाद में उनके साथ मारपीट की गई। घटना देर रात की बताई जा रही है उस समय बुजुर्ग अपने घर में बहू और नाती-नातिन के साथ सोए हुए थे। सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ठेलकाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की यह अब तक रहस्य बना हुआ है। पुलिस आसपास के संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में इस तरह की जघन्य घटना पहली बार सामने आई है जिससे भय और असुरक्षा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या के कारणों और समय को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। तब तक यह हत्याकांड क्षेत्र में चर्चा और चिंता का विषय बना हुआ है।