KCG

कलेक्टर ने किया हाईटेक नर्सरी का औचक निरीक्षण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. कुकुरमुड़ा में स्थित जिले की एक मात्र शासकीय हाईटेक नर्सरी का कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रोपणी के रख-रखाव पर प्रसन्नता व्यक्त की और नर्सरी प्रभारी को निर्देशित करते हुए कहा कि रोपणी के शेष अविकसित भाग को शीघ्र विकसित करें और वर्षा ऋतु के पूर्व मनरेगा के माध्यम से रोपणी के विकास को लेकर अतिरिक्त कार्य योजना तैयार कर प्रस्तुत करें। नर्सरी प्रभारी रविन्द्र कुमार मेहरा ने बताया कि रोपणी की स्थापना वर्ष 2022-23 में राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के माध्यम से की गई है। इसका कुल रकबा 5.933 हेक्टेयर है और इसमें विभिन्न प्रकार की अधोसंरचनाएं हैं जैसे कि मिनी प्लग टाईप वेजीटेबल यूनिट, हार्डनिंग यार्ड (ग्रीन हाऊस), गोदाम, कार्यालय भवन, वर्किग शेड और फेंसिंग निर्मित हैं। नर्सरी प्रभारी ने बताया कि वर्ष 2021-22 से लेकर जनवरी 2022-23 तक कुल 1 लाख 27 हजार विभिन्न प्रकार के कलमी और बीजू पौधे तैयार कर योजनाओं और ग्राम पंचायतों को निःशुल्क वितरित किए गये हैं। इसी तरह वर्ष 2021-22 से 2023-24 में लगभग 170 क्विंटल विभिन्न प्रकार के बीज आलू, भिंडी और बरबटी का उत्पादन किया गया है, जिसकी राशि 8 लाख 19 हजार 740 का राजस्व राज्य शासन के खाते में जमा किया गया है। कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने रोपणी के उचित रख-रखाव हेतु प्रभारी श्री मेहरा और कार्यरत माली और मजदूरों को तकनीकी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि रोपणी के विकास के लिए अतिरिक्त कार्य योजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रेमकुमार पटेल, कृषि उपसंचालक राजकुमार सोलंकी और उद्यान विकास अधिकारी रविन्द्र कुमार मेहरा मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page