KCG

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से मिली राहत, पीएम-किसान योजना से जुड़ा वनाँचल देवपुरा का किसान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से एक बार फिर किसान की लंबित समस्या का समाधान हुआ है। जिले के छुईखदान तहसील अंतर्गत ग्राम देवपुरा निवासी बंशी राम साहू का प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना में सफलतापूर्वक पंजीयन कर दिया गया है जिससे अब उन्हें योजना का लाभ मिल सकेगा। जानकारी के अनुसार पीएम-किसान योजना में नाम दर्ज नहीं होने के कारण बंशी राम साहू लंबे समय से योजना के लाभ से वंचित थे। समस्या के निराकरण के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही कृषि विभाग ने मामले की जांच शुरू कर मैदानी स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की। विभागीय अधिकारियों ने किसान से संपर्क कर जरूरी दस्तावेज प्राप्त किए और शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार पात्रता का सत्यापन किया है।जांच में पात्र पाए जाने के बाद उनका नया पंजीयन किया गया तथा ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत का सफलतापूर्वक निराकरण कर दिया गया है। समस्या का समाधान होने पर बंशी राम साहू ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।उनका कहना है कि समय पर मिली सहायता और उचित मार्गदर्शन से उनकी लंबे समय से लंबित परेशानी दूर हो गई और अब उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त होगा। जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण से पात्र किसानों तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। कृषि विभाग भी ऐसे मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कर रहा है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page