जिले में चार पुलिस अधिकारियों का तबादला, यातायात प्रभारी शक्ति सिंह को मिली छुईखदान की जिम्मेदारी

बंजारे, गेंदले और बिल्किश को मिले नये प्रभार
सत्यमेव न्यूज के लिए आकाश तिवारी खैरागढ़. जिले में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में एसपी लक्ष्य विनोद शर्मा ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शुक्रवार को जारी आदेश में चार पुलिस अधिकारियों के तबादले कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह आदेश प्रशासनिक दृष्टिकोण से तत्काल प्रभाव से लागू होगा। पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक जितेन्द्र बंजारे को रक्षित केंद्र केसीजी से स्थानांतरित कर थाना प्रभारी साल्हेवारा नियुक्त किया गया है। निरीक्षक शिवशंकर गेंदले को थाना प्रभारी साल्हेवारा से हटाकर प्रभारी यातायात शाखा बनाया गया है। निरीक्षक शक्ति सिंह जो अब तक प्रभारी यातायात शाखा थे उन्हें थाना प्रभारी छुईखदान का दायित्व सौंपा गया है वहीं उप निरीक्षक बिलकिश बेगम को थाना प्रभारी छुईखदान से स्थानांतरित कर प्रभारी महिला सेल बनाया गया है। एसपी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन तबादलों का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली में दक्षता लाना थानों के संचालन को प्रभावी बनाना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। एसपी लक्ष्य शर्मा के हस्ताक्षरित इस आदेश की प्रति सभी संबंधित अधिकारियों व विभागों को भेज दी गई है ताकि वे आवश्यक कार्यवाही कर सकें। आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।