जिले में अपराधों की रोकथाम के लिये जिला पुलिस बना रही बीट प्रणाली को मजबूत
अपराधों के नियंत्रण के लिये जिला पुलिस कर रही मशक्क़त
नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के लिये थाना क्षेत्र मे बनाये जा रहे महिला बीट
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिले में अपराधों की रोकथाम के लिये जिला पुलिस बीट प्रणाली को और अधिक मजबूत बना रही। इस दिशा में अपराधों के नियंत्रण के लिये जिला पुलिस बड़ी मशक्क़त कर रही है जिसमें खासतौर पर नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के लिये थाना क्षेत्र में महिला बीट बनाये जा रहे है। जानकारी अनुसार जिला पुलिस कप्तान (एसपी) त्रिलोक बंसल के निर्देशन एवं एएसपी नितेश कुमार गौतम, एसडीओपी लालचंद मोहले के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी अनिल शर्मा के कुशल नेतृत्व में समर्थ अभियान के तहत थाना क्षेत्र मे बेहतर पुलिसिंग अपराधों पर प्रभावी रोकथाम विजिबल पुलिसिंग त्वरित सूचना सार्थक कार्यवाही के लिये बीट प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना क्षेत्र के प्रत्येक बीट मे जहां आमजन की सहज उपस्थिति रहती है। उन स्थानों पर संबंधित बीट प्रभारियो एवं बीट आरक्षकों के नाम एवं मोबाईल नंबर को दीवालो पर अंकित कराये जा रहे है जिससे आमजन को पुलिस के साथ संवाद करने में कोई दिक्कत न हो। थाना खैरागढ़ द्वारा महिला सशक्तीकरण की दिशा में नई पहल की है। पुलिस बीट प्रणाली से महिला पुलिस अधिकारियों एवं सिपाहियों को जोड़ते हुये महिला बीट बनाई गई है। महिला बीट में महिला अधिकारी महिला आरक्षक बीट में जाकर महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को सुलझाएंगी साथ ही उन्हें अभिव्यक्ति एप्प साइबर जागरूकता, घरेलू हिंसा पर कानुनी प्रावधान अन्य शासन एवं पुलिस द्वारा चलाये जा रहे अभियान के प्रति जागरूक भी करेंगी। नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन की सार्थकता के लिये खैरागढ़ पुलिस का सतत् प्रयास जारी है। महिला बीट प्रभारी द्वारा अपनी टीम के साथ बीट के गांवों में निरंतर भ्रमण करेंगे। ग्रामों में जाकर महिलाओं के घरेलू विवाद, उत्पीड़न जैसी समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का प्रयास करेंगी। इसके लिये वह ग्राम सरपंच व गांव के संभ्रांत लोगों का सहयोग भी लेंगी। अगर समस्या नहीं सुलझ पाती तो थाना प्रभारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से हल करना सुनिश्चित करेगी साथ ही महिलाओं, युवतियों व छात्राओं को अभिव्यक्ति एप्प डायल 112, साइबर हेल्पलाईन नंबर 1930 जैसी पुलिस सेवाओं की जानकारी भी दी जायेगी।