जिले के 66 हजार 281 किसानों को मिली 273.08 करोड़ की अंतर राशि

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत विष्णुदेव साय ने प्रदेश के 24 लाख 28 हजार किसानों के बैंक खातों में 10 हजार करोड़ रुपये की कृषि आदान सहायता राशि एकमुश्त हस्तांतरित की। राज्य स्तरीय कार्यक्रम रहंगी (विकासखंड बिल्हा) में आयोजित हुआ जहां रिमोट के माध्यम से राशि जारी की गई और विभिन्न जिलों के लाभार्थी किसानों से वर्चुअल संवाद भी किया गया। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान विक्रय करने वाले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 66,281 किसानों को कुल 273 करोड़ 8 लाख 42 हजार रुपये की अंतर राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त हुई। जिले के किसानों ने इस विपणन वर्ष में 3,75,755 क्विंटल धान का उपार्जन किया था। जिले में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लाल दिलीप सिंह मंगल भवन खैरागढ़ तथा जनपद पंचायत छुईखदान में किया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सदस्य अरुणा बनाफर, ललित चोपड़ा एवं पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने किसानों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की इस पहल को कृषक हित में महत्वपूर्ण बताया और कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में किसानों को धान के साथ-साथ दलहन, तिलहन, उतेरा फसल, पशुपालन, मुर्गीपालन और बकरीपालन जैसे वैकल्पिक आय स्रोत अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Exit mobile version