लगभग 200 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
नवीन विचारों को व्यावहारिक स्वरूप देने का मिला मार्गदर्श
खैरागढ़। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत जिले के तीन महाविद्यालयों में नवाचार, उद्यमिता एवं स्टार्टअप को लेकर कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। वीरांगना अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय, छुईखदान, अवंती बाई लोधी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, छुईखदान तथा नवीन शासकीय महाविद्यालय, बाजार अतरिया में आयोजित इन कार्यक्रमों में 200 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रमों में जिला नोडल अधिकारी एवं महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, केसीजी श्री प्रणय बघेल ने विद्यार्थियों को नवाचार, उद्यमिता एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नए विचारों की पहचान करने, स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करने तथा अपने विचारों को नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से आगे बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।वीरांगना अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय, छुईखदान में ‘नवाचार पर मार्गदर्शन’, ‘आइडिया पिचिंग कार्यशाला’ तथा ‘इनोवेशन एवं स्टार्टअप पर कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने नवीन विचार प्रस्तुत किए तथा उन्हें बेहतर स्वरूप देने के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया। अवंती बाई लोधी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, छुईखदान में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 130 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। यहां विद्यार्थियों को कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार की संभावनाओं, समस्या आधारित समाधान तथा नवीन विचारों को उपयोगी उत्पाद एवं सेवाओं के रूप में विकसित करने की जानकारी दी गई। नवीन शासकीय महाविद्यालय, बाजार अतरिया में आयोजित कार्यशाला में लगभग 55 विद्यार्थी शामिल हुए। विद्यार्थियों को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ की अवधारणा, नवाचार आधारित विचारों और स्टार्टअप की संभावनाओं से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा किए और उन्हें आगे विकसित करने के लिए मार्गदर्शन प्राप्त किया। तीनों महाविद्यालयों में आयोजित कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नवाचार आधारित सोच विकसित करने, नए विचारों को पहचानने तथा उन्हें व्यावहारिक एवं उद्यमशील स्वरूप देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों में महाविद्यालयों के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
