Advertisement
Uncategorized

जिला मुख्यालय खैरागढ़ के नया बस स्टैंड यात्री प्रतीक्षालय में घोर अव्यवस्था पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला मुख्यालय खैरागढ़ के नया बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय की बदहाल स्थिति को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका प्रशासन और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका का पोल-खोल अभियान के तहत स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई। निरीक्षण के दौरान प्रतीक्षालय परिसर में शराब की खाली बोतलें डिस्पोजल गिलास पानी के पाउच और चिलम पीने का पाइप जैसी सामग्री पाई गई। परिसर में यात्रियों के बैठने की जगह पर मवेशियों का कब्जा और चारों ओर फैली गंदगी गोबर व दुर्गंध ने हालात की गंभीरता उजागर की। कई कुर्सियां टूटी हुई मिलीं तथा पेयजल की व्यवस्था नदारद रही। डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि शाम ढलते ही यह परिसर असामाजिक तत्वों का अड्डा बन जाता है जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रश्न खड़े होते हैं। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की अव्यवस्था शासन प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती है। उन्होंने यह भी बताया कि लाखों रुपये की लागत से खरीदी गई जिम सामग्री क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी है जो संसाधनों की अनदेखी को दर्शाता है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि चार दिनों के भीतर सफाई मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो प्रतीक्षालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, यतेंद्रजीत सिंह, रवींद्र सिंह गहरवार, पूरन सारथी, शेखर दास वैष्णव, भरत चंद्राकर, सूर्यकांत यादव, नदीम मेमन, मोहित भांडेकर, महेश यादव, रानू खान, रघुनाथ यादव, सिद्धांत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। मौके पर पुलिस बल तथा नगर पालिका के सफाई प्रभारी टोडर सिंह ने तीन दिनों के भीतर सफाई मरम्मत और चौकीदार की नियुक्ति का आश्वासन दिया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page