
प्राचार्य अनिल पाल को सचिव की महती जिम्मेदारी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ प्राचार्य एसोसिएशन (पंजीयन क्रमांक 122202686204) की प्रांतीय बैठक रायपुर में आयोजित की गई जिसमें जिला इकाई से लेकर प्रांतीय स्तर तक पदाधिकारियों का चयन एवं मनोनयन किया गया। यह प्रक्रिया प्रांतीय संयोजक श्री अनिल शुक्ला के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई इकाई के लिए डॉ.कमलेश्वर सिंह को अध्यक्ष तथा अनिल पाल को सचिव पद पर मनोनीत किया गया। डॉ.कमलेश्वर सिंह वर्तमान में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम शासकीय कन्या शाला खैरागढ़ में प्राचार्य के रूप में पदस्थ हैं वहीं अनिल पाल शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छुईखदान में प्राचार्य हैं। मनोनीयन उपरांत डॉ.कमलेश्वर सिंह ने प्रांतीय संयोजक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त समझा जाना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने प्राचार्य की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिकर बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ शैक्षिक वातावरण को आकर्षक बनाने हेतु सामुदायिक सहभागिता पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन विशेष रूप से जिलाधीश इंद्रजीत सिंह चंद्रावल तथा जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.मुकुल साव के सहयोग से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। साथ ही प्राचार्यों, शिक्षकों एवं व्याख्याताओं के हितों के संरक्षण एवं उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए संघ सक्रिय भूमिका निभाएगा। संघ द्वारा शीघ्र ही शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जिला प्रशासन को प्रेषित किए जाने की भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिले के अनेक प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई प्रेषित की। शुभकामनाएं देने वालों में प्रमुख रूप से अनुराग सिंह, सुनील गुनी, रविंद्र चावड़ा, राजेंद्र वर्मा, संजय वर्मा, नारायण कामड़े, उमा यादव, मुकेश शुक्ला, सत्येंद्र साहू, टीकम साहू, जय-जय राम देशमुख, द्वारिका प्रसाद, तारा पिल्लै, ओम प्रकाश सोनी, सुरेश कुमार साहू, मयंक चंद्राकर, गुलाब मरकाम, रतन बंजारे, कमलेश कुमार साहू, चिंताराम श्रीवास सहित अन्य शिक्षक एवं प्राचार्य शामिल रहे।


