जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित एनडीए की जीत सुनिश्चित करने बिहार रवाना हुई टीम

बांकीपुर विधानसभा में संभालेंगे प्रचार की कमान, कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। बिहार विधानसभा चुनाव अभियान को गति देने के उद्देश्य से प्रदेश प्रभारी एवं बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन के नेतृत्व में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रचार के लिए आज टीम कोलकाता एयरपोर्ट से रवाना हुई। यह टीम एनडीए गठबंधन के समर्थन में जनसंपर्क और प्रचार अभियान को और मजबूती देने का कार्य करेगी। प्रस्थान के दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अकलतरा सौरभ सिंह, संजू नारायण सिंह, अमित मैशरी शाह, अनुराग अग्रवाल तथा खैरागढ़ से जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह भी इस टीम के साथ रवाना हुए। सभी नेताओं ने कहा कि बिहार में विकास और सुशासन की राह को आगे बढ़ाने के लिए एनडीए को पुनः जनादेश मिलना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद स्थापित किया जाएगा और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रचार अभियान के दौरान युवाओं, महिलाओं और प्रथम बार वोट करने वाले मतदाताओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। कोलकाता एयरपोर्ट से रवाना होते समय कार्यकर्ताओं में अपार जोश और देशभक्ति की भावना झलक रही थी। सभी ने एनडीए की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक एकजुटता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
 
 

