Advertisement
IMG-20241028-WA0001
IMG-20241028-WA0002
previous arrow
next arrow
पॉलिटिक्स

भाजपा सरकार में बंद पड़ा कृष्ण कुंज, कांग्रेस ने राम के नाम इसे पुनः शुरू करने उठाई मांग

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. नगर के वार्ड क्र.20 सिविल लाइन-खम्हरिया में दो साल पहले निर्मित कृष्ण कुंज बदहाल स्थिति में बंद पड़ा हुआ है। इसे लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाते हुये पूछा है कि भाजपा सरकार में कृष्ण कुंज बंद क्यों है। ऐसे में कांग्रेस ने राम के नाम पर इस बहुउद्देशीय उद्यान को पुनः शुरू करने की मांग की है और कांग्रेसियों ने कहा है कि “राम” के नाम पर ही सही पर कृष्ण कुंज शुरु होना चाहिये। बता दे कि कांग्रेस विधायक यशोदा वर्मा के निर्देश पर कांग्रेस द्वारा संचालित मिशन संडे अभियान के तहत विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सिविल लाईन-खम्हरिया वार्ड पहुंचा और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में लाखों की लागत से निर्मित भगवान श्रीकृष्ण कुंज उद्यान का निरीक्षण किया। यह उद्यान बच्चों के मनोरंजन और हरियाली के साथ पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुये पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के द्वारा बनाया गया था जिसमें छोटे बच्चों के खेलने के लिये झूले भी लगाये गये थे लेकिन सरकार बदलने के बाद कृष्ण कुंज पूरी तरह ठप्प पड़ गया और आज इसकी हालत बेहद दयनीय है।

विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कृष्ण कुंज के बंद हो जाने को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए हैं। श्री देवांगन ने कहा है कि कांग्रेस सरकार में निर्मित कृष्ण कुंज भाजपा सरकार आने के बाद से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ है जिसके कारण न केवल बच्चों और स्थानीय नागरिकों को इसके निर्माण उद्देश्य से वंचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने पूरे छत्तीसगढ़ में कृष्ण कुंज योजना लागू कर पर्यावरण संरक्षण और बच्चों के मनोरंजन के लिये एक सराहनीय पहल की थी लेकिन भाजपा सरकार ने इसे क्यों बंद कर दिया है, यह एक बड़ा सवाल है।

निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि देवांगन ने कृष्ण कुंज में फैली गंदगी और सूखते पौधों पर नाराजगी जताई उन्होंने कहा कि उद्यान की देखरेख न होने के कारण वहां लगे पौधे सूख रहे हैं और जगह-जगह कचरा फैला हुआ है। सरकार को इस उद्यान की स्थिति पर ध्यान देना चाहिये और इसे जल्द से जल्द जनता के लिये फिर से खोला जाना चाहिये।

देवांगन ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार को भगवान श्रीकृष्ण के नाम से आपत्ति है, तो वह इसे भगवान श्रीराम के नाम पर ही सही लेकिन इसे फिर से शुरू करे। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि कृष्ण कुंज उद्यान को तत्काल खोला जाए और बच्चों को पुनः यहां मनोरंजन और खेलने का अवसर दिया जाए। इस दौरान दौरान नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, वार्ड पार्षद दिलीप लहरे, पूरन सारथी, भरत चंद्राकर, रविंद्र सिंह गहरवार, सूर्यकांत यादव, अजय देवांगन, महेश यादव सहित स्थानीय नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page