KCG

जिले में निवेश बढ़ाने उद्योग स्थापना पर बनी रणनीति, पर्यटन व प्रोसेसिंग सेक्टर पर जोर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में औद्योगिक निवेश को गति देने और नए रोजगार अवसर विकसित करने के उद्देश्य से जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ स्थानीय उद्यमियों ने भाग लिया। बैठक में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक प्रणय बघेल ने औद्योगिक विकास नीति 2024-30 की प्रमुख योजनाओं और प्रावधानों की जानकारी दी। प्रस्तुतीकरण के दौरान उद्योगों को मिलने वाली सब्सिडी कर रियायतें और निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने संबंधी बिंदुओं पर चर्चा हुई। निजी सीबीएसई स्कूल, मिनी मॉल, निजी औद्योगिक क्षेत्र, अस्पताल तथा लॉजिस्टिक्स सेक्टर में निवेश की संभावनाओं को प्रमुखता से रखा गया जिस पर कई उद्यमियों ने रुचि दिखाई। कलेक्टर चंद्रवाल ने जिले के स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने छुईखदान बुनकर सोसायटी में तैयार वस्त्रों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने और उनसे परिधान निर्माण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही चंगुर्दा और पैलीमेटा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में साल्हेवारा क्षेत्र में कोदो-कुटकी आधारित प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया। इससे स्थानीय किसानों को अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद जताई गई। कलेक्टर ने उद्योग विभाग को निर्देश दिए कि निवेशकों को औद्योगिक नीति की जानकारी सरल तरीके से उपलब्ध कराई जाए तथा नई इकाइयों की स्थापना प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों का विस्तार जिले की आर्थिक मजबूती का आधार बनेगा और निवेश अनुकूल वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page