KCGछत्तीसगढ़

जनगणना प्रशिक्षण में अव्यवस्था, बाल्टियों में भोजन परोसने के बाद कर्मचारियों में नाराज़गी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत आयोजित प्रशिक्षण शिविर का पहला दिन अव्यवस्था के कारण विवादों में आ गया। केंद्रीय विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण लेने पहुंचे कर्मचारियों को भोजन व्यवस्था को लेकर भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। जानकारी अनुसार तेज गर्मी के बीच दिनभर प्रशिक्षण के बाद भोजन वितरण के दौरान स्थिति बिगड़ गई। कर्मचारियों को पैकेट में भोजन दिया गया लेकिन कुछ लोगों द्वारा अतिरिक्त पैकेट ले लेने के कारण भोजन कम पड़ गया। इसके बाद आयोजकों ने आनन-फानन में अतिरिक्त भोजन मंगवाया जो प्लास्टिक की बाल्टियों में लाया गया। उचित बर्तन उपलब्ध न होने के कारण भोजन इसी रूप में परोसने की कोशिश की गई जिससे कर्मचारियों में नाराज़गी फैल गई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रति व्यक्ति निर्धारित राशि के बावजूद भोजन व्यवस्था बेहद लचर रही। उनका कहना है कि यह स्थिति उनके सम्मान के विपरीत है। कुछ कर्मचारियों ने मौके पर ही विरोध दर्ज कराया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया जो तेजी से वायरल हो रहा है। प्रशिक्षणार्थियों का कहना है कि जब सरकार डिजिटल और आधुनिक जनगणना की तैयारी की बात कर रही है तब जमीनी स्तर पर ऐसी बदइंतजामी चिंता का विषय है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 24 अप्रैल तक प्रस्तावित है लेकिन पहले ही दिन की स्थिति ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया है। प्रारंभिक जांच के बाद भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी नए कैटरर को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page