KCG

जल संकट के बीच पौधों को जीवनदान दे रहे निर्मल त्रिवेणी महाअभियान के युवा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। बढ़ती गर्मी और जल संकट के दौर में जहां एक ओर पौधों और हरियाली पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं वहीं निर्मल त्रिवेणी महाअभियान खैरागढ़ से जुड़े सेवाभावी युवा पर्यावरण संरक्षण की मिसाल प्रस्तुत कर रहे हैं। रविवार को अभियान के स्वयंसेवकों ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर पौधों की सिंचाई, देखभाल और संरक्षण का विशेष अभियान चलाया। सुबह से ही अभियान के संयोजक सूरज देवांगन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने श्रमदान करते हुए विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पौधों तक पानी पहुंचाया तथा उनकी स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान पौधों के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई की गई और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। स्वयंसेवकों ने पौधों के संरक्षण को केवल एक अभियान नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए उनके नियमित रखरखाव पर जोर दिया। अभियान के संयोजक सूरज देवांगन का कहना है कि वृक्षारोपण तभी सार्थक है जब लगाए गए पौधों को विकसित होकर वृक्ष बनने तक संरक्षण और देखभाल मिलती रहे। वर्तमान मौसम में तेज धूप और पानी की कमी के कारण पौधों के सूखने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में नियमित सिंचाई और निगरानी के माध्यम से ही हरियाली को बचाया जा सकता है। निर्मल त्रिवेणी महाअभियान के स्वयंसेवक लगातार नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और स्वच्छता के प्रति जनजागरण का कार्य कर रहे हैं। अभियान के सदस्यों ने नागरिकों से भी इस मुहिम में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसकी देखभाल करे तो खैरागढ़ को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं की यह सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Anurag

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page