KCGधर्म

खैरागढ़ में सात दिवसीय शिवमहापुराण कथा का हुआ समापन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर के किल्लापारा स्थित श्री गोपीनाथ मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय शिवमहापुराण कथा का सोमवार को भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। स्व.भावना श्रीवास्तव की प्रथम पुण्य स्मृति में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में पूरे सप्ताह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही जहां मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। समापन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन पूजन रुद्राभिषेक एवं महाप्रसादी वितरण का आयोजन किया गया। 18 मई को भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुई कथा में प्रतिदिन शाम श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर शिवमहापुराण का श्रवण किया। कथावाचक पं. रूपेश कृष्ण मिश्रा ने शिवमहापुराण के विविध प्रसंगों का सरल और प्रभावशाली शैली में वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार और मानव जीवन के मूल्यों का संदेश दिया। उन्होंने रुद्राक्ष की महिमा, वीरभद्र उत्पत्ति, सती चरित्र, शिव-सती विवाह, माता पार्वती के तप गणेश जन्म, कार्तिकेय जन्म एवं तारकासुर वध जैसे प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथावाचक ने कहा कि अहंकार मनुष्य के पतन का कारण बनता है जबकि भक्ति त्याग और समर्पण जीवन को सार्थक बनाते हैं। उन्होंने शिवभक्ति को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम बताते हुए धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। समापन दिवस पर आयोजित महाप्रसादी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ लिया। आयोजन के दौरान विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर भगवान शिव की पूजा अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान साकेत श्रीवास्तव एवं समृद्धि श्रीवास्तव रहे। आयोजन को सफल बनाने में श्रीवास्तव परिवार सहित नगरवासियों का विशेष योगदान रहा है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page