KCG

खैरागढ़ के शहीद स्मारक स्थल में उमड़ा देशप्रेम

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहीद स्मारक स्थल दाऊचौरा खैरागढ़ में भावुक और गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जहाँ गणमान्य नागरिक, आत्मनिर्भर टीम ने एकजुट होकर देश के अमर सपूतों भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा रहा। शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित लोगों की आँखें नम हो उठीं और हर हृदय में गर्व व सम्मान का भाव उमड़ पड़ा। वातावरण “भारत माता की जय” और “शहीदों अमर रहें” जैसे नारों से गूंजता रहा। इस अवसर पर शिक्षक रूपेश कुमार देवांगन ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में शहीदों के अद्वितीय त्याग, साहस और देशभक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपनी स्वरचित रचना का भावपूर्ण वाचन भी किया जिसने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया और तालियों की गूंज से पूरा स्थल गूंज उठा। इसके पश्चात पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष जीतेन्द्र सिंह गौर ने अपने संबोधन में युवाओं को शहीदों के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में नीलम सिंह राजपूत द्वारा सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर लकेश्वर जंघेल संयोजक ड्रीम्स एकैडमी, डॉ.दुर्गेश नंदनी श्रीवास्तव, पार्षद पुष्पा सिंदूर, पिंकी सिंह ठाकुर, वंदना टांडेकर, जयश्री ताम्रकार, महोबिया सर, गौरी यादव सहित खैरागढ़ पुलिस जवान, ड्रीम्स अकैडमी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रही। श्रद्धांजलि सभा का समापन राष्ट्रभक्ति के उत्कट भाव और शहीदों के प्रति असीम सम्मान के साथ हुआ जहाँ हर दिल से एक ही स्वर निकला “शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा।”

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page