छुईखदान में अंबेडकर जयंती पर निकला भव्य जुलूस, सामाजिक समरसता के साथ हुआ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़/छुईखदान। छुईखदान नगर में 14 अप्रैल को संविधान निर्माता भारतरत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला बौद्ध समाज के नेतृत्व में भव्य जुलूस निकाला गया जिसमें केसीजी जिले से बड़ी संख्या में समाजिंक जन शामिल हुए। जुलूस के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और “डॉ.अंबेडकर अमर रहें” के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। प्रतिभागी झूमते-नाचते हुए आगे बढ़ते रहे। समाजसेवियों द्वारा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर मिठाई, शरबत एवं शीतल पेय पदार्थों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सभी समाजों की सहभागिता ने सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश दिया। मंचीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजा गिरिराज किशोर दास ने कहा कि डॉ.अंबेडकर ने देश को संविधान देकर प्रत्येक नागरिक को अधिकार और समानता का मार्ग प्रदान किया और वे सर्व समाज के सच्चे हितैषी थे।

उन्होंने देश के प्रथम कानून मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश को एक नई दिशा प्रदान की। जिला मुस्लिम समाज के अध्यक्ष सज्जाक खान ने कहा कि डॉ.अंबेडकर ने संविधान निर्माण के माध्यम से न्यायपूर्ण व्यवस्था की मजबूत नींव रखी और समाज को समानता का अधिकार दिलाया। कार्यक्रम को संजय महोबिया और युवा नवनीत जैन सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। मंच पर प्रेम नारायण चंद्राकर, मनोज चौबे, विक्रांत चंद्राकर, कोसन कोसरे, ज्ञान यादव और भावेश सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। मंचीय कार्यक्रम के पश्चात रात्रि में रंग छत्तीसा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसका संचालन पूनम तिवारी एवं दिव्या तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। इस दौरान छत्तीसगढ़ी गीतों और सामाजिक परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहा। जिला बौद्ध समाज के अध्यक्ष संतोष कामड़े ने कार्यक्रम की सफलता पर नगरवासियों एवं समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version