KCG

छुईखदान नगर पंचायत में वाटर एटीएम बदहाल, लाखों की योजना निष्प्रभावी

छुईखदान। नगर पंचायत क्षेत्र में आम जनता एवं राहगीरों को सस्ता और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित वाटर एटीएम वर्तमान में बदहाली का शिकार हो गया है। लाखों रुपये की लागत से लगाई गई यह मशीन शुरू से ही अधिकांश समय बंद पड़ी रही है, जिससे इसका अपेक्षित लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार स्थापना के बाद से ही वाटर एटीएम नियमित रूप से संचालित नहीं हो पाया। मशीन अक्सर खराब रहती है और उसके रखरखाव एवं मरम्मत को लेकर जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई। परिणामस्वरूप यह योजना केवल कागजों तक सीमित होकर रह गई है। इधर गर्मी का मौसम शुरू होते ही तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे समय में स्वच्छ और ठंडे पेयजल की आवश्यकता बढ़ जाती है लेकिन वाटर एटीएम के बंद रहने से लोगों को मजबूरी में बाजार से महंगा पानी खरीदना पड़ रहा है। इस योजना में एक प्रमुख कमी इसकी लोकेशन को लेकर भी सामने आई है। वाटर एटीएम को ऐसे स्थान पर स्थापित किया गया है जहां लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रहती है। यदि इसे किसी मुख्य मार्ग, चौपाटी या भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में लगाया जाता तो अधिक संख्या में लोगों को इसका लाभ मिल सकता था। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि मशीन के नियमित रखरखाव के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। न तो समय-समय पर इसकी जांच की जाती है और न ही खराब होने पर तत्काल सुधार किया जाता है जिससे योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही स्पष्ट नजर आती है। नगरवासियों ने प्रशासन एवं नगर पंचायत से मांग की है कि वाटर एटीएम को शीघ्र दुरुस्त कर नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर इसे किसी उपयुक्त एवं व्यस्त स्थान पर स्थानांतरित करने पर भी विचार किया जाए। यदि समय रहते इस दिशा में आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो लाखों रुपये की यह योजना पूरी तरह विफल साबित हो सकती है और आम जनता को इसका लाभ नहीं मिल पाएगा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page