Uncategorizedअपराध

चॉकलेट का लालच देकर मासूम को सुनसान जगह ले गया आरोपी, ग्रामीणों ने पकड़कर किया पुलिस के हवाले

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के जालबांधा चौकी क्षेत्र के एक गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक आदतन अपराधी ने चॉकलेट का लालच देकर एक नाबालिग बच्ची को सुनसान स्थान पर ले जाकर उससे गलत हरकत करने की कोशिश की हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता के कारण बच्ची को समय रहते बचा लिया गया। लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी नंदकुमार दुबे उर्फ बिसाहू दुबे ने गांव की एक नाबालिग बच्ची को चॉकलेट देने का लालच दिया। इसके बाद वह उसे बहला-फुसलाकर स्कूल के पीछे स्थित सुनसान इलाके में ले गया। वहां आरोपी ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। बच्ची के साथ संदिग्ध गतिविधि देख कुछ ग्रामीणों को शक हुआ जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के पहुंचते ही आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी नंदकुमार दुबे पहले भी एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। कुछ समय पहले ही वह सजा पूरी कर जेल से बाहर आया था। इसके बावजूद उसने दोबारा ऐसी घटना को अंजाम देने की कोशिश की जिससे ग्रामीणों में और अधिक आक्रोश है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसे काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कड़ी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे आदतन अपराधियों की रिहाई के बाद उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जानी चाहिए। साथ ही बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है, ताकि समाज में कड़ा संदेश जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page