
नगर पंचायत अध्यक्ष को कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन
15 अप्रैल तक आदेश जारी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। नगर पंचायत गंडई के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने चार नए श्रम कोड के तहत केंद्रीय वेतनमान लागू करने की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अविनाश देवांगन के माध्यम से प्रेषित किया गया। कर्मचारियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि भारत सरकार द्वारा 29 पुराने श्रम कानूनों को समाप्त कर उनके स्थान पर चार नए श्रम कोड लागू किए गए हैं जिनका उद्देश्य श्रमिकों के हितों का संरक्षण और कार्यप्रणाली में एकरूपता लाना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में लागू वेतन दरें एवं श्रम सुविधाएं केंद्रीय मानकों से भिन्न हैं जिससे श्रमिकों के आर्थिक हित प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ.मनसुख मांडविया द्वारा 1 अप्रैल 2026 से देशभर में एक समान केंद्रीय वेतनमान लागू करने की घोषणा की गई है किंतु छत्तीसगढ़ में अब तक इस संबंध में कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं हुआ है। इससे नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों में निराशा और असंतोष का माहौल व्याप्त है। कर्मचारियों ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उन्हें परिवार के भरण-पोषण बच्चों की शिक्षा स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक जरूरतों की पूर्ति में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर नए श्रम कानूनों के अनुरूप केंद्रीय दर पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 15 अप्रैल 2026 तक इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया जाता तो छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के बैनर तले चरणबद्ध आंदोलन करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्लेसमेंट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नवीन नामदेव, सचिव युगल ताम्रकार सहित पालू, भुनेश पटेल, गजेंद्र पटेल, सरस्वती देवांगन, गायत्री राजपूत, जितेंद्र बंजारे, छोटू सहित अन्य उपस्थित रहे।