मां शाकंभरी मंदिर और नाली निर्माण कार्य का हुआ भूमिपूजन

गंडई-पंडरिया। ग्राम दुल्लापुर में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किए गए। इस दौरान नंदी महाराज की प्रतिमा स्थापना के लिए बाजे-गाजे और आतिशबाजी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर प्रतिमा की स्थापना की। शोभायात्रा में महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य कर भक्तिमय माहौल बनाया वहीं शासकीय प्राथमिक शाला दुल्लापुर में संकुल स्तरीय वार्षिक उत्सव एवं बाल मेले का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा दिखाई। बाल मेले में बच्चों ने समोसा, भजिया, पोहा सहित विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए। ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को खरीद-बिक्री और व्यवहारिक गतिविधियों का अनुभव मिला। इसके अलावा ग्राम में मां शाकंभरी मंदिर निर्माण एवं नाली निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। मंदिर निर्माण से धार्मिक सुविधा मिलेगी, वहीं नाली निर्माण से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में भाजपा गंडई मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महामंत्री रजेलाल पटेल, लीलाराम साहू, रामवतार साहू, सरपंच बलराम पटेल, उपसरपंच भागवत मरकाम सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।